मुझे नब्बे बरस तक जीना है
मेरी यह मेरी दिल्ली तमन्ना है
मुझे नब्बे बरस तक जीना है
और सदा मान और इज्जत से
चौड़ा रखना निज सीना है
ऐसा जीवन जिया अब तक
मैं रहा कमाता बस दौलत
डूबा मोह माया बंधन में
खुश था रूपयों की खनखन में
पर वृद्ध हुआ ,तब यह जाना
जिसको अब तक था सच जाना
वह सत्य नहीं केवल भ्रम था
कृत्रिम सारा अपनापन था
सब अपनों ने संग छोड़ दिया
और हमसे नाता तोड़ लिया
ना रहा प्रेम अब कुछ बाकी
हो गई जिंदगी एकाकी
यह ज्ञान मिला परिवर्तन में
अब बचे खुचे इस जीवन में
जितने अरमान अधूरे हैं
वह करना मुझको पूरे हैं
जिऊंगा मौज और मस्ती से,
संकल्प यही कर लीना है
मुझे नब्बे बरस तक जीना है
बीती यादों ने रुला दिया
मैंने उन सबको भुला दिया
जो बीत गई सो बीत गई
मैंने पाई यह राह नई
हर काम करूंगा मन माफिक
अपनी संपत्ति का बन मालिक
सबको मुझ पर विश्वास रहे
घर में शांति का वास रहे
सब बच्चे मेरा ध्यान रखें
और भाई बहन सम्मान रखें
मेरी किस्मत ऐसी जागे
ना फैले हाथ किसी आगे
सारा जीवन करके मेहनत
मैं कमाई यह जो दौलत
उसका उपभोग करूँ जी भर
कर मौज मस्तियां जीवन भर
जीवन के बाकी वर्षों में ,
बस सुख का अमृत पीना है
मुझे नब्बे बरस तक जीना है
फिर तृप्त हृदय सच्चे मन से
बाकी सारे दिन जीवन के
मैं परोपकार का करूं करम
प्रभु का चिंतन और दया धरम
सेवा कर दीन दुखियारों की
मैं काट सकूं जीवन बाकी
मैं सच्चे मन से यह चाहूं
हंसता गाता जग से जाऊं
हे हनुमान ,हे शिव शंकर
नब्बे तक बढ़ा दो मेरी उमर
हम मियां बीवी संग रहे
जीवन में भरी उमंग रहे
मैं दीन दुखी की सेवा कर
भर लूंगा पुण्यों से गागर
तू मुझ पर प्यार लुटा देना
भवसागर पार कर देना
संकल्प यही कर लीना है
मुझे नब्बे बरस तक जीना है
यह मेरी दिली तमन्ना है
मदन मोहन बाहेती घोटू