प्रार्थना- परमेश्वर से
यही कामना ,देना मुझको ,
लंबी उमर विधाता
लेकिन जब जीयूं,
रहूँ मैं हरदम हंसता गाता
हाथ न कांपे,लिख पाऊं मैं ,
चिट्ठी पत्री कविता
और ठीक से पढ़ पाऊं मैं
रामायण और गीता
ना पाबंदी हो खाने पर
जो चाहूं सो खाऊं
मनपसंद पकवान रसीले
पचा ठीक से पाऊं
पैदल मंदिर तक जा पाऊं,
करने दरश तुम्हारे
देख सकूं टीवी पर बैठा ,
जग के सभी नजारे
मुझको घेरे नहीं बीमारियां
किडनी दिल लीवर की
ब्लड प्रेशर भी रहे नॉर्मल,
बढ़े नहीं शुगर भी
नहीं कराहता रहूं अकेला
लेटा मैं ,बिस्तर पर
बदल करवटें,रहूं तड़पता
मैं एकाकी , दिनभर
वृद्धावस्था की पीड़ायें
मुझे पड़े ना सहना
रहे पूछते हाल-चाल सब
बच्चे ,भाई, बहना
इज्जत सब परिवार दिखाएं
मुझ पर प्यार लुटाए
कभी किसी पर भार बनूं मैं
ऐसे दिन ना आए
नहीं दया का पात्र बनूं मैं,
मांगू कोई सहारा
कोई आगे हाथ पसारूं
लोग कहे बेचारा
इधर-उधर की दुनिया भर की
चिंता नहीं सताए
दुख से दूर रहूं बाकी दिन
बस खुशहाली छाए
इसी तरह बस हंसी खुशी से
कटे बुढ़ापा मेरा
दीन दुखी की सेवा करके
ध्यान लगाकर तेरा
परमपिता परमेश्वर मैं यह
सच्चे दिल से चाहूं
जब भी तेरा आए बुलावा
हंसता गाता जाऊँ
मदन मोहन बाहेती घोटू
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
कृपया अपने बहुमूल्य टिप्पणी के माध्यम से उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करें ।
"काव्य का संसार" की ओर से अग्रिम धन्यवाद ।