एक सन्देश-

यह ब्लॉग समर्पित है साहित्य की अनुपम विधा "पद्य" को |
पद्य रस की रचनाओ का इस ब्लॉग में स्वागत है | साथ ही इस ब्लॉग में दुसरे रचनाकारों के ब्लॉग से भी रचनाएँ उनकी अनुमति से लेकर यहाँ प्रकाशित की जाएँगी |

सदस्यता को इच्छुक मित्र यहाँ संपर्क करें या फिर इस ब्लॉग में प्रकाशित करवाने हेतु मेल करें:-
kavyasansaar@gmail.com
pradip_kumar110@yahoo.com

इस ब्लॉग से जुड़े

रविवार, 22 नवंबर 2026

शादी के पचास वर्ष बाद 

हुए पचास बरस शादी को , 
बंधा हमारा था गठबंधन 
कितने बदल गए हैं हम तुम
आओ इसका करें विवेचन 

तब थी तुम सिक्सटीन हो गई 
सिक्सटी ऊपर उमर तुम्हारी
अब ना रही तुम्हारे मुख पर
 चमक दमक वो प्यारी प्यारी 

अब न छरहरी पहले जैसी,
मांसल हुआ तुम्हारा तन है 
वही रूप की रानी हो तुम,
और काया अब भी कंचन है 

वह कसाव ना रहा बदन में 
नहीं रही वह फुर्ती ,चुस्ती
मिलने का वह चाव ना रहा 
ना वो छेड़छाड़ और मस्ती 

चलती हो तो छड़ी पकड़ कर 
अब हिरणी सी चाल ना रही 
रस से भरे मधुर होठों की 
लाली उतनी लाल ना रही 

अब तुम्हारे गाल गुलाबी 
लगता थोड़े कुम्हलाये है 
चश्मा चढ़ा हुआ आंखों पर 
और बाल भी रंगवाए हैं 

घुटने भी जवाब दे रहे
चलना फिरना हुआ स्लो है 
तन पर छाने लगी झुर्रियां 
पर स्किन में वही ग्लो है 

टूटा दांत झांकता दिखता 
कभी खिलखिला जब हंसती तुम
हरदम रहती लगी काम में 
ऐसी तुम बन गई गृहस्थन 

हाल तुम्हारा बदला है तो 
मेरी बदहाली क्या कम है 
मैं भी कितना वृद्ध हो गया 
बचा नहीं मुझ में दमखम है 

अंग अंग में है कमजोरी 
बीमारी में घेर रखा है 
कभी ओज से चमका करता 
वह चेहरा अब पका पका है 

सर्दी और जुकाम सताते
 कभी खांसते नींद न आती 
सर का दर्द ,पेट की कब्जी 
आज बन गए मेरे साथी 

आंखें भी कमजोर हो गई 
सब कुछ दिखता धुंधला धुंधला 
याददाश्त भी मंद हो गयी 
लगा भूलने सब, मैं पगला 

चलता हूं तो सांस फूलती ,
घुटने भी अब गए अकड़ है 
किडनी भी कमजोर हो गई 
गई शुगर भी तन की बढ़ है 

खुल कर हंसना और मुस्काना 
ऐसा लगता भुला दिया है 
बिगड़े हालातों ने मुझको 
अंदर तक से रुला दिया है 

हम तुम दोनों बदल गए हैं 
यह बदलाव मगर है तन का 
एक दूजे के प्रति समर्पण 
अब भी लक्ष्य बना जीवन का 

बढ़ती हुई उम्र के संग संग 
दूना होता प्यार हमारा 
एक दूजे पर हम आश्रित हैं
 एक दूजे का बने सहारा

एक दूजे का हाथ पकड़ कर 
हमने अब तक काटा जीवन 
प्यार हमारा अमर रहेगा,
यही कामना करते हैं हम 

यही प्रार्थना, हाथ जोड़ कर 
करते हैं हम परमपिता से
जब तक जिंदा ,साथ रहे हम 
हंसते गाते, प्यार लुटाते 

मदन मोहन बाहेती घोटू 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कृपया अपने बहुमूल्य टिप्पणी के माध्यम से उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करें ।
"काव्य का संसार" की ओर से अग्रिम धन्यवाद ।

हलचल अन्य ब्लोगों से 1-