गमो के गाँव में आकर ,गए हम भूल मुस्काना ,
पड़ गयी मुश्किलें पीछे ,ग़मों की इतनी शिद्दत है
न कोई सूझता रस्ता,अँधेरा ही अँधेरा है,
सुखों की साख बिगड़ी है, मुसीबत ही मुसीबत है
घोटू
क्या हाल है?
दांत, डेंटिस्ट के भरोसे
सांस,दवाइयों के भरोसे
नज़र,चश्मे के भरोसे
वक़्त,टी. वी. के भरोसे
किससे क्या करें आस,
किसी को क्यों कोसे?
अब तो हम दोनों है,
एक दूसरे के भरोसे
बाकी ये जीवन है ,
सिर्फ भगवान के भरोसे
मदन मोहन बाहेती'घोटू'
डिजिटल जीवन
एक हसीना की दो आँखों के संग आँखे चार करो,
लेकर फेरे सात बाँध लो ,तुम रिश्ता जीवन भर का
सात आठ दिन की मस्ती फिर ,पड़ता बोझ गृहस्थी का ,
बड़ा बुरा होता है पड़ना ,ननयानू के चक्कर का
दूध छटी का याद आ जाता,बजते चेहरे पर बारह,
चार दिनों की रात चांदनी ,फिर अंधियारा पाओगे
मुरझा जाता साथ समय के ,चाँद चौदवीं सा चेहरा,
पडो न तीन और तेरह में,मुश्किल में पड़ जाओगे
हार जीत में अंतर होता ,बस उन्नीस बीस का है,
किन्तु जीतने वाले के,हरदम होते है पौबारह
नहीं किसी से तीन पांच में ,उलझाओ तुम अपने को ,
अच्छा सा मौक़ा देखो और हो जाओ नौ दो ग्यारह
छप्पन भोग कभी चढ़ते है,चलती छप्पन छुरी कभी,
होते सोलह संस्कार है ,गुण छत्तीस मिला करते
कोई कहे 'साठा को पाठा 'कोई पागल सठियाया ,
एक जीभ रहती है कायम ,बत्तीस दांत हिला करते
करते दो दो हाथ हमेशा,हम बचपन से पचपन तक ,
एक एक जब मिल जाते है ,तो है ग्यारह हो जाते
आज जिंदगी हुई डिजिटल ,सारा खेल डिजिट का है,
यह जीवन का अंकगणित हम,बिलकुल नहीं समझ पाते
मदन मोहन बाहेती'घोटू'

