एक सन्देश-

यह ब्लॉग समर्पित है साहित्य की अनुपम विधा "पद्य" को |
पद्य रस की रचनाओ का इस ब्लॉग में स्वागत है | साथ ही इस ब्लॉग में दुसरे रचनाकारों के ब्लॉग से भी रचनाएँ उनकी अनुमति से लेकर यहाँ प्रकाशित की जाएँगी |

सदस्यता को इच्छुक मित्र यहाँ संपर्क करें या फिर इस ब्लॉग में प्रकाशित करवाने हेतु मेल करें:-
kavyasansaar@gmail.com
pradip_kumar110@yahoo.com

इस ब्लॉग से जुड़े

शनिवार, 14 जनवरी 2017

 तुम क्यों होते हो परेशान 

आई जीवन की अगर शाम 
तुम क्यों होते हो  परेशान 
ये रात अमां की ना काली ,भैया ये तो दीवाली है 
तुम इसे मुहर्रम मत समझो,ये ईद सिवइयों वाली है 
तुमने उगता सूरज देखा ,तपती दोपहरिया भी देखी
यौवन के खिलते उपवन को ,महकाती कलियाँ भी देखी 
हंसती गाती और मुस्काती ,दीवानी परियां भी देखी 
कल कल करती नदियां देखी ,तूफानी  दरिया भी देखी 
कब रहा एक सा है मौसम 
खुशियां है कभी तो कभी गम 
सूखे पतझड़ के बाद सदा ,आती देखी हरियाली  है 
                                    ये ईद सिवइयों वाली है 
कितनी ही ठोकर खाकर तुम ,चलना सीखे,बढ़ना सीखे 
हर मोड़ और चौराहे पर  ,पाये अनुभव ,मीठे ,तीखे 
जी जान जुटा कर लगे रहे ,अपना कर्तव्य  निभाने को 
दिनरात स्वयं को झोंक दिया, तुमने निज मंजिल पाने को
सच्चे मन और समर्पण से 
तुम लगे रहे तन मन धन से 
तुम्हारी त्याग तपस्या से ,घर में आयी खुशियाली है 
                                    ये ईद सिवइयों वाली है
अब दौर उमर का वो आया ,मिल पाया कुछ आराम तुम्हे 
निभ गयी सभी जिम्मेदारी  ,अब ना करना  है काम तुम्हे 
अब जी भर कर उपभोग करो ,तुमने जो करी  कमाई है 
खुद के खातिर भी जी लेने की ,ये घडी सुहानी आई  है 
क्या हुआ अगर तुम हुए वृद्ध 
अनुभव में हो सबसे समृद्ध 
लो पूर्ण मज़ा ,क्योंकि ये उमर ,अब तो बे फ़िक्री वाली है 
                                           ये ईद सिवइयों वाली है 
  मदनमोहन बाहेती'घोटू'
आओ हम संग संग धूप चखें 

हो सूरज किरण से आलोकित ,दूना  तुम्हारा रूप सखे 
इस ठिठुराती सी सर्दी में आओ हम संग संग धूप चखें 
निज नाजुक कर से मालिश कर ,तुम मेरे सर को सहलाओ 
मैं छील मुंगफलियाँ तुमको दूं,तुम गजक रेवड़ी संग खाओ 
आ जाए दोहरा मज़ा अगर, मिल जाए पकोड़े खाने को ,
और संग में हो गाजर हलवा  जो मौसम के अनुरूप सखे 
                                   आओ हम संग संग धूप  चखें 
मक्की की रोटी गरम गरम और संग साग हो सरसों का 
मख्खन से हाथों से खाऊं ,पूरा हो सपना  बरसों का 
हो उस पर गुड़ की अगर डली,गन्ने के रस की खीर मिले ,
सोने पे सुहागा हो जाए ,हमको सुख मिले अनूप  सखे 
                                  आओ हम संग संग धूप  चखे 
मैं कार्य भार  से मुक्त हुआ ,चिंता है नहीं फिकर कोई 
हम चौबीस घंटे साथ साथ ,मस्ती करते,ना डर  कोई 
सूरज ढलने को आया पर ,मन में ऊर्जा है ,गरमी  है,
हो गयी शाम,चुस्की ले ले,अब पियें टमाटर सूप  सखे 
                                आओ हम मिलकर धूप चखें 

मदनमोहन बाहेती;घोटू'
मकर संक्रांति पर प्रणयनिवेदन 

दिन गुजारे ,प्रतीक्षा में ,शीत में ,मैंने  ठिठुर कर 
सूर्य  आया  उत्तरायण,नहीं  तुमने  दिया  उत्तर 
है मकर संक्रान्ति आयी ,शुभ मुहूरत आज दिन का 
पर्व है यह खिचड़ी का ,दाल चावल के मिलन का 
हो हमारा मिलन ऐसा ,एक दम ,हो जाए हम तुम 
दाल तुम ,मैं बनू चावल,खिचड़ी बन जाय हमतुम 
कहते कि आज के दिन ,दान तिल का पुण्यकारी 
पुण्य कुछ तुम भी कमा लो,बात ये मानो  हमारी 
इसलिए तुम आज के दिन,प्रिये यहअहसान करदो  
तिल तुम्हारे होठ पर जो है,मुझे  तुम  दान  कर दो 

मदनमोहन बाहेती'घोटू'

बुधवार, 4 जनवरी 2017

 परेशां हम खामखां है 

उम्र का ये तो असर है ,परेशां हम खामखां है 
कल तलक हम शूरमा थे ,बन गए अब चूरमा है 

उगलते थे आग हम भी ,थे कभी ज्वालामुखी हम 
पड़े है जो आज  ठन्डे ,हो रहे है क्यों  दुखी हम 
कभी गरमी ,कभी सरदी ,बदलता मिज़ाज़ मौसम 
एक जैसा वक़्त कब  है ,कभी खुशियां है कभी गम 
सूर्य की तपती दुपहरी ,शाम बन कर सदा ढलती 
राख में तबदील होती  है हमेशा  आग जलती 
जोश हर तूफ़ान का  ,एक मोड़ पर आकर थमा है 
उमर का ये तो असर है ,परेशां हम खामखां  है 
क्यों हमारी सोच में अब आ गयी मायूसियां है 
सूरमाओं ने हमेशा  ,शेरो सा जीवन  जिया है 
हमेशा ,हर हाल में खुश ,मज़ा तुम लो जिंदगी का 
सूर्य की अपनी तपिश है ,अलग सुख है चांदनी का 
सख्त होती बाटियाँ है ,चूरमा होता  मुलायम 
दांत में अब दम नहीं तो क्यों इसका स्वाद ले हम 
रौशनी दें जब तलक कि तेल दिए में बचा है 
उमर का ये तो असर है ,परेशां हम खामखां है 

मदन मोहन बाहेती'घोटू '

टावर वन की पिकनिक 
१ 
पिकनिक किट्टी के लिए,छोड़ा अपना 'नेस्ट'
टावर वन की  रानियां, जा  पहुंची  ' फारेस्ट'
जा पहुंची ' फारेस्ट ', मचाई  मस्ती  ऐसी 
खुली हवा में ,सजधज ,उडी तितलियों जैसी 
सबने अपना अपना एक  पकवान  बनाया 
सबने मिलजुल ,बीस घरों का स्वाद उठाया 
२ 
वन्दनाजी की सेन्डविच,और पीनट की चाट 
मीनाजी के सूप का ,था अपना ही ठाठ 
था अपना ही ठाठ ,ढोकले तृप्तिजी के 
एक से बढ़ एक स्वाद रहे पकवान सभी के  
सुनीता जी की खीर, जलेबी तारा जी  की 
राज आंटी की चाय ,रही फेवरिट सभी की 
 सीमाजी की पूरियां,मिस्सी ,बड़ी लजीज 
शालिनी जी के दहीबड़े,बड़े गजब की चीज
बड़े गजब की चीज ,स्नेहा जी  के छोले 
अनीता जी की दाल बाटियाँ ,सर चढ़ बोले 
मोनिका जी का चिल्ली चाप ,चटपटा सुहाया 
कंचन जी का फ्रुटसलाद ,सभी को भाया 
४ 
मिले जुले पकवान थे ,मिलाजुला था स्वाद 
मिल जुल खाये सभी ने,सदा रहेंगी याद 
सदा  रहेगी  याद ,किट्टी के पिकनिक वाली 
खुली  धूप  में खेलकूद और मस्ती प्यारी 
फिर भी दिल का एक कोना था सूना सूना 
होते पति जो साथ,मज़ा आ जाता  दूना 

घोटू 
  
 


              

हलचल अन्य ब्लोगों से 1-