एक सन्देश-

यह ब्लॉग समर्पित है साहित्य की अनुपम विधा "पद्य" को |
पद्य रस की रचनाओ का इस ब्लॉग में स्वागत है | साथ ही इस ब्लॉग में दुसरे रचनाकारों के ब्लॉग से भी रचनाएँ उनकी अनुमति से लेकर यहाँ प्रकाशित की जाएँगी |

सदस्यता को इच्छुक मित्र यहाँ संपर्क करें या फिर इस ब्लॉग में प्रकाशित करवाने हेतु मेल करें:-
kavyasansaar@gmail.com
pradip_kumar110@yahoo.com

इस ब्लॉग से जुड़े

सोमवार, 30 जुलाई 2018

भारत देश महान चाहिए
 
पतन गर्त में बहुत गिर चुके,अब प्रगति,उत्थान चाहिए 
हमको अपने सपनो वाला ,प्यारा हिन्दुस्थान   चाहिए  

ऋषि मुनियों की इस धरती पर,बहुत विदेशी सत्ता झेली
शीतल मलयज नहीं रही अब ,और  हुई  गंगा भी मैली 
अब ना सुजलां,ना सुफलां है ,शस्यश्यामला ना अब धरती 
पंच गव्य का अमृत देती ,गाय सड़क पर ,आज विचरती 
भूल   धरम की  सब  मर्यादा ,संस्कार भी सब  बिसराये 
 कहाँ गए वो हवन यज्ञ सब,कहाँ गयी वो वेद ऋचाये 
लुप्त होरहा धर्म कर्म अब ,उसमे  नूतन  प्राण चाहिए 
हमको अपने सपनो वाला ,प्यारा हिन्दुस्थान चाहिए  

परमोधर्म  अहिंसा माना ,शांति प्रिय इंसान बने हम 
ऐसा अतिथि धर्म निभाया,बरसों तलक गुलाम बने हम 
पंचशील की बातें करके ,भुला दिया ब्रह्मास्त्र बनाना 
आसपास सब कलुष हृदय है,भोलेपन में ये ना जाना 
मुंह में राम,बगल में छुरी ,रखनेवाले  हमे ठग गए 
सोने की चिड़िया का सोना,चुरा लिया सब और भग गए 
श्वेत कबूतर बहुत उड़ाए ,अब तलवार ,कृपाण चाहिए 
हमको अपने सपनो वाला प्यारा हिन्दुस्थान चाहिए 

अगर पुराना वैभव पाना है ,तो हमें बदलना होगा 
जिस रस्ते पर दुनिया चलती उनसेआगे चलना होगा 
सत्तालोलुप कुछ लोगों से ,अच्छी तरह निपटना होगा 
सत्य अहिंसा बहुत हो गयी,साम दाम से लड़ना होगा 
हमकोअब चाणक्य नीति से,हनन दुश्मनो का करना है 
वक़्त आगया आज वतन के,खातिर जीना और मरना है 
हर बंदे के मन में जिन्दा ,जज्बा और  तूफ़ान चाहिए 
हमको अपने सपनो वाला ,प्यारा हिन्दुस्थान  चाहिए 

कभी स्वर्ग से आयी थी जो,कलकल करती गंगा निर्मल 
हमें चाहिए फिर से वो ही ,अमृत तुल्य,स्वच्छ गंगाजल 
भारत की सब माता बहने ,बने  विदुषी ,लिखकर पढ़कर  
उनको साथ निभाना होगा ,साथ पुरुष के ,आगे बढ़ कर 
आपस का मतभेद भुला कर ,भातृभाव फैलाना  होगा 
आपस में बन कर सहयोगी ,सबको  आगे आना होगा 
हमे गर्व से फिर जीना है ,और पुरानी  शान चाहिए 
हमको अपने सपनो वाला ,प्यारा हिन्दुस्थान चाहिए 

सभी हमवतन ,रहे साथ मिल ,तोड़े मजहब की दीवारे 
छुपे शेर की खालों में जो ,कई भेड़िये ,उन्हें  संहारे 
जौहर में ना जले  नारियां ,रण में जा दिखलाये जौहर 
पृथ्वीराज ,प्रताप सरीखे ,वीर यहाँ पैदा हो घर घर 
कर्मक्षेत्र या रणभूमि में ,उतरें पहन बसंती बाना 
कुछ करके दिखलाना होगा,अगर पुराना वैभव पाना 
झाँसी की रानी के तेवर और आत्म सन्मान चाहिए 
हमको अपने सपनो वाला वो ही हिन्दुस्थान चाहिए  

मदन मोहन बाहेती 'घोटू'

शुक्रवार, 20 जुलाई 2018

अचार 

कच्ची सी अमिया ,अगर पक जाती 
तो मधुर रस से भर जाती 
निराला स्वाद देती 
खाने वाले को आल्हाद देती 
पर बेचारी को ,बाली उमर में रोना पड़ा 
स्वाद के मारों के लिए ,कुर्बान होना पड़ा 
टुकड़े टुकड़े होकर कटना पड़ा 
चटपटे मसालों से लिपटना पड़ा 
और आने वाले साल भर तक ,
लोगों को चटखारे देने को तैयार हो गयी 
सबका प्यार हो गयी 
कोई भी चीज का ,
जब अधकचरी उमर में ,
इस तरह बलिदान दिया जाता है 
और बाद में दिनों तक ,
उसके स्वाद का मज़ा लिया जाता है 
इसे पूर्णता प्राप्त किया हुआ ,
अधूरा अफसाना कहते है 
जी हाँ इसे अचार बनाना कहते है 

मदनमोहन बाहेती 'घोटू '
बारिश की घटायें -कालेज की छाटाएँ 

देखो कितनी छायी घटाएं भरी भरी है 
चंचल है ये ,एक जगह पर कब ठहरी है 
कई बदलियां ,बरसा करती ,कभी नहीं है 
और लड़कियां भी तो पटती ,सभी नहीं है 
कोई बदली घुमड़ घुमड़ कर गरजा करती 
तो कोई बिजली बन कर के कड़का करती 
कोई बदली ,बरसा करती ,रिमझिम रिमझिम 
कोई मूसलाधार लुटाती अपना यौवन 
कोई की इच्छाएं ,अब तक जगी नहीं है 
और लड़कियां भी तो पटती सभी नहीं है 
कोई है बिंदास ,कोई है सहमी सहमी 
कोई रहे उदास ,किसी में गहमा गहमी 
कोई आती ,जल बरसाती ,गुम  हो जाती
कोई घुमड़ घुमड़ कर मन में आस जगाती 
कोई उच्श्रंखल है ,रहती दबी  नहीं है 
और लड़कियां भी तो पटती सभी नहीं है 

मदनमोहन बहती 'घोटू ' 
 
पति ही है वो प्राणी 

कठिन सास का अनुशासन है और ननद के नखरे 
देवर के तेवर तीखे है ,और  श्वसुर सुर  बिखरे 
बेटा  सुनता नहीं जरा भी ,कुछ बोलो तो रूठे 
बेटी  हाथों से मोबाईल , मुश्किल से ही  छूटे 
और देवरानी  देवर से ,चार कदम  है  आगे 
नौकर से जो कुछ बोलो तो काम छोड़ कर भागे
पर जिससे हर  काम कराने में होती है आसानी
पत्नी आगे पीछे   नाचे  ,पति ही है वो  प्राणी 
मेहरी ,कामचोर नंबर वन ,फिर भी है नखराली 
दिन भर खुद ही खटो काम में ,समय न मिलता खाली 
सुनु एक की दस ,सब से ही ,जो मैं बोलूं चालूं  
अपने मन की सब भड़ास मैं ,बोलो कहाँ निकालूँ 
जिसे डाट मन हल्का कर लूं ,और जो सुन ले मेरी 
बिना चूं चपड़ ,बात मान ले ,बिना लगाए  देरी 
सिर्फ पति हर बात मानता ,है बिन आना कानी 
पत्नी आगे पीछे नाचे ,पति ही है वो  प्राणी 

मदनमोहन बाहेती 'घोटू '
  
ससुर का सन्मान करना  चाहिए 

मांग में जिसका सिन्दूरी रंग है  
सदा सुख दुःख में जो रहता संग है 
प्यार करता ,तुम्हारा  मनमीत है 
जिंदगी का जो मधुर  संगीत  है 
लहलहाई जिसने जीवन की लता 
लाया है जो जिंदगी में पूर्णता 
जो हृदय से तुम्हे करता स्नेह है  
खुश रहो तुम यही जिसका ध्येय है 
रात दिन खटता  है जो परिवार हित 
करती करवा चौथ तुम जिस प्यार हित 
दिया जिसने सुख तुम्हे मातृत्व का 
लुटाता जो खजाना ,अपनत्व  का 
सुख सदा बरसाता जिसका साथ है 
जिसके कारण सुहागन हर रात है 
जिसके संग ही जिंदगी में है ख़ुशी 
जिसके कारण होठों पर थिरके हंसी 
संवरना सजना सभी जिसके लिए 
मुस्करा तुम संग में जिसके  जिये 
मुश्किलों में साथ जो हरदम खड़ा 
जिसकी बाहों का सहारा है बड़ा 
जो है हमदम ,दोस्त है और हमसफ़र 
जिसके संग बंधन बंधा सारी उमर 
जिसके कारण खनकती है चूड़ियां 
धन्य वो जिनने दिया ऐसा  पिया 
सर्वाधिक अनमोल निधि संसार की 
जो है बहती हुई गंगा प्यार  की 
गंगा से गंगोत्री अति पूज्य है 
पिता माता,पति के, अति पूज्य है 
सास का गुणगान करना चाहिए 
ससुर का सन्मान करना चाहिए 

मदनमोहन बाहेती 'घोटू '

हलचल अन्य ब्लोगों से 1-