पृष्ठ

▼

मंगलवार, 28 जनवरी 2020

कड़की में हूँ

मैं कड़क नहीं हूँ मगर,आजकल कड़की में हूँ
है  मस्ती  का मर्ज ,मस्त  मन  मर्जी  में  हूँ  

मैं चारा ना खाऊं ,कहा जाता बेचारा ,
चारा खाऊ नेता बने विपुल धनस्वामी
पड़ी वक़्त की मार मुझे बीमार कर गयी ,
 कुछ न किया बद ,मगर मिली मुझको बदनामी
कार नहीं ,बेकार समझते है मुझको सब ,
मिली न बस ,बेबस ,आवारागर्दी में हूँ
मैं कड़क नहीं हूँ ,मगर आजकल कड़की में हूँ

मेरे तन में, मन में विष का वास नहीं ,
फिर भी मुझ पर  लोगों का विश्वास नहीं
सांस सांस में प्यार  लुटाता मैं जिन पर ,
उन लोगों को होता पर अहसास नहीं
रहा हर बरस ,तरस तरस ,वो ना बरसे ,
जेब गरम ना रहती है पर गरमी में हूँ
मैं कड़क नहीं हूँ मगर आजकल कड़की में हूँ

वृहद विचारों वाला हूँ पर हद में रहता ,
सदाचार का मारा सदा चार की सुनता
भाव बढे जिसके प्रभाव से भाव न उठते ,
लिखना चाहूँ गीत ,मिले ना धुन ,सर धुनता
सदा चरण छूता हूँ सदाचरण के कारण ,
बिना सुरा ,बेसुरा होगया ,सरदी में हूँ
मैं कड़क नहीं हूँ ,मगर आजकल कड़की में हूँ

मदन मोहन बाहेती ;घोटू '

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कृपया अपने बहुमूल्य टिप्पणी के माध्यम से उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करें ।
"काव्य का संसार" की ओर से अग्रिम धन्यवाद ।